रतलाम। जिला चिकित्सालय में मरीजों की सुविधा और आवश्यक चिकित्सा संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा सराहनीय पहल की गई। फाउंडेशन ने जिला चिकित्सालय को आवश्यक सामग्री भेंट कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की।
काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव एवं जिला रोगी कल्याण समिति के सदस्य गोविंद काकानी ने बताया कि सिविल सर्जन डॉ. अखंड प्रताप सिंह द्वारा चिकित्सालय के लिए तीन ब्लड प्रेशर इंस्ट्रूमेंट की आवश्यकता बताई गई थी। मरीजों के हित को देखते हुए फाउंडेशन से जुड़े सदस्य दीपक डोशी के सहयोग से तत्काल तीन ब्लड प्रेशर इंस्ट्रूमेंट उपलब्ध करवाए गए।
इसी अवसर पर फाउंडेशन की सदस्या श्रीमती सुनीता गोविंद काकानी द्वारा स्वयं तैयार किए गए 12 हस्तनिर्मित तकिए मय कवर सहित भी जिला चिकित्सालय को भेंट किए गए। ये तकिए मरीजों की सुविधा और उनके उपचार के दौरान आराम को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराए गए हैं।
चिकित्सा उपकरण एवं तकिए भेंट करने का यह कार्यक्रम केमिस्ट दीपक डोशी, दिनेश बारमेचा, डॉ. रजत दुबे, डॉ. अभिषेक अरोड़ा एवं प्रबंधक डॉ. शिवम श्रीवास्तव की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
फाउंडेशन पदाधिकारियों ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण है। जरूरत के समय छोटी-सी मदद भी मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत बन सकती है। इसी उद्देश्य के साथ काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन लगातार सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में अपनी भूमिका निभा रहा है।
जिला चिकित्सालय के लिए चिकित्सा उपकरण और मरीजों के उपयोग हेतु हस्तनिर्मित तकिए उपलब्ध कराने की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। सामाजिक संस्थाओं, दानदाताओं और आम नागरिकों द्वारा इसी प्रकार आगे आकर सहयोग किए जाने से अस्पताल की व्यवस्थाओं को और मजबूती मिल सकती है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत