रतलाम / पिपलौदा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को डॉ. अंबेडकर मांगलिक भवन, पिपलौदा में आयोजित जन-विश्वास शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को प्रशासन ने गंभीरता से सुना। शिविर में जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय, कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनके आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान जनता के लिए और जनता के द्वारा की मूल भावना पर आधारित है। अभियान का उद्देश्य प्रशासन को गांव और ब्लॉक स्तर तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं को सुनना तथा उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास और सबका प्रयास इस अभियान की महत्वपूर्ण भावना है।
विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन पूर्ण जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत करें, जिससे अधिकारियों को प्रकरण समझने में आसानी हो और निराकरण शीघ्र किया जा सके। उन्होंने कहा कि पिपलौदा-जावरा क्षेत्र विकास के किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है तथा मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है। शिविर में प्राप्त समस्याओं के निराकरण के साथ ही भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाने की बात कही गई।
शिविर में उद्यमी संवाद भी आकर्षण का केंद्र रहा। बैंक सखी कृष्णा ने बताया कि केंद्रीय बैंक कालूखेड़ा में बैंक सखी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने करीब 8 करोड़ रुपये के ऋण प्रकरणों में लोगों को सहयोग दिया है। आजीविका मिशन से मिले सहयोग के कारण उन्हें दिल्ली में भी आमंत्रित किया गया।
युवा उद्यमी जितेंद्र पाटीदार ने गार्लिक प्रोसेसिंग और कंपनी को उत्पाद आपूर्ति की जानकारी दी। उद्यमी अमित पटेल ने सीपीजी प्लांट के माध्यम से खाद निर्माण एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके उद्यम से करीब 60 लोगों को रोजगार मिल रहा है।
ग्राम नौलखा के किसान दिलीप नायक ने मोती की खेती का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में नौकरी छोड़कर उन्होंने मोती की खेती शुरू की। आज वे मोती से विभिन्न उत्पाद तैयार कर व्यवसाय कर रहे हैं। उनके कार्य को देखते हुए मध्यप्रदेश शासन द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि देश-विदेश में करीब 480 विद्यार्थी उनसे मोती की खेती का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई शंभुलाल चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी, नगर अध्यक्ष उमा पटेल, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जावरा एसडीएम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनपद पंचायत सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत