|
आगर मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय आगर में अध्ययन के लिये निपानिया बैजनाथ से आने वाली छात्राओं की समस्याओं का त्वरित समाधान कर दिया है। कलेक्टर एवं एसपी के निर्देश पर आरटीओ ने निपानिया बैजनाथ रूट से आगर आने वाली बसों के ऑपरेटरों को निर्देशित किया है कि वे प्रतिदिन स्कूल आने वाली छात्राओं का निपानिया बैजनाथ से अपनी बसों से बैठाकर आगर तक अनिवार्य रूप से लाएं। सभी बस ऑपरेटरों को सख्त निर्देश दिए गए है कि वे स्कूली छात्र-छात्राओं को किराये देने के बावजूद भी बस बैठाने से इंकार न करें, अन्यथा संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उल्लेखनीय है कि निपानिया बैजनाथ की आगर आने वाली छात्राओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं एसपी श्री दिलीप सोनी से भेंटकर उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी और आरटीओ निर्देशित कर छात्राओं की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इस पर निपानिया बैजनाथ रूट के सभी बस ऑपरेटरों ने उक्त छात्राओं को बस से आगर लाने की सहमति प्रदान की। अपनी समस्या का त्वरित समाधान पाकर स्कूली छात्र-छात्राएँ खुशी-खुशी अपने घर को रवाना हो गई। |