|
पशुपालक और गौशाला संचालक सुनिश्चित करें कि कोई भी गौवंश सड़कों पर न बैठे- कलेक्टर डाॅ. मीना कलेक्टर एवं एसपी ने ली हाईवे स्थित गौशालाओं के संचालकों और सरपंचों की बैठक आगर-मालवा : जिले के सभी पशुपालक एवं गौशाला संचालक यह सुनिश्चित करें कि कोई भी गौवंश मुख्य सड़कों, हाईवे पर न बैठे और यातायात बाधित न करें, सड़कों के समीप गांवों में संचालित गौशाला संचालक यह देखें कि उनकी गौशाला का कोई भी पशुधन मुख्य मार्गों पर न आएं, यह निर्देश कलेक्टर डाॅ. शेर सिंह मीना ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के हाइवे व मुख्य मार्गों के गांवों में संचालित गौशालाओं के संचालकों और पंचायतों के सरपंचों की बैठक में दिये। बैठक में एसपी श्री दिलीप कुमार सोनी, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, उप संचालक पशुपालन डाॅ. महेश जारोलिया सहित पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं पंचायत सचिव उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी निराश्रित गौवंश के सींगों पर रेडियम रिफलेक्टर लगवाएं। इसकी व्यवस्था पशुपालन विभाग द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि गौशाला संचालकांे के सुझाव पर गौशालाओं के समीप अवैध अतिक्रमण को हटाकर शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवाया जाएगा और निराश्रित गौवंश के लिये अतिरिक्त बाड़ा/गौठान बनाने की व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर ने सभी गौशाला संचालकों से 50-50 अतिरिक्त गौवंश को अपनी गौशाला में रखने की व्यवस्था करने को कहा, जिस पर गौशाला संचालकों ने सहमति जताई। कलेक्टर ने जिले में नवनिर्मित गौशालाओं का तत्काल संचालन प्रारंभ कर उनमें गौवंश रखने की व्यवस्था करने के निर्देश भी संबंधित सरपंचों को दिए। कलेक्टर ने नेशनल हाईवे का एक वाहन एवं दो कर्मचारी हाईवे पर पशुधन की सुरक्षा के लिये आमला में तैनात करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक श्री सोनी ने कहा कि वे जल्दी ही हाईवे से लगे गांवों में पशुपालकों से संवाद कर पशुधन को सड़कों पर नहीं छोड़ने के लिये जागरूक करेंगे। साथ ही ऐसे स्थान जहां मुख्य सड़कों पर गौवंश बैठता है, उन्हें हाॅटस्पाट के रूप में चिन्हित किया जाएगा। पुलिस विभाग द्वारा आमला में शीघ्र ही चैकी स्थापित कर अमला तैनात किया जाएगा। साथ ही राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार के लिये विभिन्न स्थानों पर बैनर, पोस्टर आदि प्रदर्शित किये जाएंगे। |