रतलाम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा, समर्पण और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला रतलाम द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 101 यूनिट रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का आयोजन लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज, रतलाम में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवा, भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन पहुंचे और रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया। आयोजन के दौरान रक्तदान को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही युवाओं और आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है, जिसके माध्यम से स्वस्थ व्यक्ति जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इसी भावना के साथ युवा मोर्चा द्वारा सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया।
शिविर में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन, जिला भाजपा उपाध्यक्ष जुबिन जैन, पिछड़ा मोर्चा प्रदेश मंत्री बलवंत भाटी, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अनुकूल सोनी तथा जिला महामंत्री कृष्णा डिंडोर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा युवाओं द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना की। शिविर में रक्तदान करने वाले युवाओं ने भी इसे सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अन्य लोगों से जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान करने का आह्वान किया। 101 यूनिट रक्तदान के साथ आयोजित यह शिविर सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देता नजर आया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत