रतलाम / बिलपांक । जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना बिलपांक पुलिस ने इंदौर-रतलाम हाईवे पर घेराबंदी कर एक युवक को 210 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हाईवे स्थित शेर पंजाब ढाबे के सामने सिमलावदा में अफीम लेकर किसी व्यक्ति को देने के लिए पहुंचा था। इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 42 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर 2026 को थाना बिलपांक में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक अजय रावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शेर पंजाब ढाबे के सामने इंदौर-रतलाम हाईवे पर सिमलावदा में एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर किसी को देने के लिए आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की।
कुछ ही देर में बताए गए हुलिए का युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सद्दाम हुसैन पिता इब्राहीम हुसैन उम्र 28 वर्ष निवासी शमीमाबाद बरखेड़ा कला जिला रतलाम बताया। पुलिस ने तलाशी संबंधी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए जब उसकी तलाशी ली तो पेंट की दाहिनी जेब में रखी पॉलीथीन की थैली से कथई रंग का पदार्थ बरामद हुआ। जांच में पदार्थ अफीम पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर पॉलीथीन सहित कुल वजन 210 ग्राम निकला। पुलिस ने अफीम को विधिवत सीलबंद कर जब्त कर लिया।
मामले में आरोपी सद्दाम हुसैन के विरुद्ध थाना बिलपांक पर धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस प्रकरण में आगे की विवेचना कर रही है। आरोपी अफीम कहां से लेकर आया था और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, इन पहलुओं पर विवेचना के दौरान जानकारी जुटाई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत