रतलाम। दीपावली पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए रतलाम यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 1 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक त्योहारों की खरीदारी के लिए शहर के मध्य स्थित बाजारों में आने वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रूट डायवर्जन, नो व्हीकल जोन और पार्किंग की व्यवस्था लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करने की अपील की है।
इन मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन
यातायात पुलिस के अनुसार गणेश देवरी से डालूमोड़ी बाजार एवं नोलाईपुरा की ओर जाने वाले सभी प्रकार के लोडिंग वाहन, चार पहिया वाहन, ऑटो रिक्शा, मैजिक वाहन और ई-रिक्शा के मार्ग परिवर्तित रहेंगे। इसी प्रकार डालूमोड़ी से गणेश देवरी एवं पास बाजार की ओर जाने वाले वाहनों पर भी मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा।
चोमुखी पुल से गणेश देवरी की ओर जाने वाले तथा पास बाजार से डालूमोड़ी की ओर जाने वाले लोडिंग वाहनों, चार पहिया वाहनों, ऑटो रिक्शा, मैजिक और ई-रिक्शा का आवागमन भी प्रतिबंधित मार्गों से हटाकर निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से कराया जाएगा।
भारी वाहनों की एंट्री रात 12 बजे के बाद
त्योहारी बाजारों में भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही के समय में भी बदलाव किया गया है। सामान्य दिनों में रात 9 बजे से शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को अब 26 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक रात 12 बजे के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। भारी वाहनों के लिए प्रवेश का समय रात 12 बजे से सुबह 9 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा नवकर नमकीन से सुभाषनगर तिराहा, हाट की चौकी और आबकारी तिराहा तक सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहन मालिकों और चालकों को इन क्षेत्रों में वाहन खड़ा नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन इलाकों में रहेगा नो व्हीकल जोन
भीड़भाड़ वाले बाजारों में पैदल खरीदारी करने वालों की सुविधा के लिए दो प्रमुख मार्गों को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है।
पहला मार्ग हमदर्द मेडिकल से लक्ष्मीजी का मंदिर, माणकचौक थाना होते हुए नोलाईपुरा तक रहेगा। वहीं दूसरा मार्ग जमनालाल स्वीट्स से माणकचौक चौराहा, साहूबावड़ी, पास बाजार होते हुए भुट्टा बाजार गली तक नो व्हीकल जोन रहेगा।
इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यहां होगी दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग
यातायात पुलिस ने बाजार में आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है।
माणकचौक के दुकानदारों के वाहन माणकचौक थाने के सामने शासकीय हाईस्कूल परिसर में पार्क होंगे।
धनजीभाई के नोहरे में दोपहिया वाहनों की पार्किंग रहेगी।
ईदगाह के पास सुतारों का बास में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग होगी।
आजाद चौक (चांदनी चौक) के अंदर दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
डॉ. देवीसिंह की गली में दोपहिया वाहनों की पार्किंग रहेगी।
चौड़ावास और रामगढ़ में दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग निर्धारित की गई है।
अमृतसागर तालाब के किनारे दोपहिया और चारपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
गौशाला रोड स्थित 60 घर के नोहरे में दोपहिया वाहनों की पार्किंग होगी।
जैन स्कूल परिसर में सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग रहेगी।
महालक्ष्मी परिसर (पुरानी किरण टॉकीज) में सभी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
सज्जन मिल के राम मंदिर बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों के लिए पार्किंग रहेगी।
पुरानी फूल मंडी में दोपहिया वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है।
नियम तोड़ने पर क्रेन से उठेंगे वाहन
रतलाम यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष यातायात व्यवस्था 26 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। पुलिस ने चारपहिया वाहन लेकर बाजार क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। यदि किसी वाहन के कारण यातायात बाधित होता है या निर्धारित व्यवस्था का उल्लंघन किया जाता है तो ऐसे वाहनों को क्रेन की मदद से टोइंग किया जा सकता है।
दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस की यह व्यवस्था आम नागरिकों, ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदारी के लिए आने वाले परिवारों और व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण है। पुलिस ने नगरवासियों एवं दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, ताकि त्योहार के दौरान बाजारों में जाम की स्थिति निर्मित न हो और सभी लोग सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से खरीदारी कर सकें।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत