|
राजस्व दल ने मौका जांच एवं नक्शा मिलान कर दोनों पक्षों के बीच कराया सहमति से निराकरण नीमच : कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में राजस्व संबंधी विवादों के निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम रूपपुरा, ब्लॉक टप्पा कुकड़ेश्वर में श्मशान तक पहुंचने के रास्ते को लेकर दो पक्षों के ग्रामीणों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद का आपसी सहमति से निराकरण कराया गया। राजस्व दल ने दोनों पक्षों के ग्रामीणों एवं ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्थल का निरीक्षण कर नक्शे का मिलान किया। मौके पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाकर लगभग 500 फीट लंबाई एवं 18 फीट चौड़ाई वाले श्मशान मार्ग से संबंधित विवाद का समाधान कराया गया। इससे ग्रामीणों को श्मशान तक आवागमन की सुविधा सुनिश्चित होगी और लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हुआ। इस दौरान प्रभारी तहसीलदार श्री अरविंद दिवाकर, राजस्व निरीक्षक श्री रामदयाल शर्मा, पटवारी श्री भारमल दाहिमा, श्री अजय बघेल, श्री उमेश नागदा, श्री विजय नरवरिया, श्री जगदीश दाहिमा एवं संबंधित ग्राम कोटवार उपस्थित रहे। |