|
ब्रेजा कार से ले जा रहे थे एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा, मनासा नाका पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा नीमच। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100.8 ग्राम एमडी ड्रग्स और 10 किलो 610 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की ब्रेजा कार सहित तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मश्रुके की कुल कीमत 21 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई को नीमच सिटी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर नशे और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी विजय सागरिया के नेतृत्व में नीमच सिटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 1 नवंबर 2026 को मनासा नाका पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध ब्रेजा कार क्रमांक MP 44 ZD 3819 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 100.8 ग्राम एमडी ड्रग्स और 10 किलो 610 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार सवार श्रवण पिता दुर्गालाल सुरावत (42), निवासी ग्राम रायसिंहपुरा तथा मुबिन पिता रशीद मंसुरी (39), निवासी राजीव नगर, नीमच को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। तस्करी के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से जब्त मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ एवं जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाए थे और इस अवैध कारोबार में उनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं। इनकी रही सराहनीय भूमिका पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया, नीमच सिटी पुलिस टीम एवं साइबर सेल नीमच की महत्वपूर्ण भूमिका रही |