|
नीमच । कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 6 नवंबर को जिले के विभिन्न आबकारी वृत्तों में दबिश, तलाशी एवं निरीक्षण की कार्रवाई की गई। आबकारी वृत्त मनासा के ग्राम चपलाना में जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 190 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। लहान के नमूने लेकर शेष सामग्री विधिवत नष्ट की गई तथा प्रकरण दर्ज किया गया। इसके अलावा रामपुरा के कालिका ढाबा एवं कुकड़ेश्वर के महफिल ढाबा की तलाशी ली गई। कम्पोजिट मदिरा दुकान रामपुरा-2 एवं बेसला का औचक निरीक्षण कर अनियमितताओं के संबंध में लाइसेंसी के प्रतिनिधि को आरोप पत्र जारी किया गया। रामपुरा-2 दुकान से मदिरा का रासायनिक परीक्षण हेतु नमूना भी लिया गया। रामपुरा-गांधीसागर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई। आबकारी वृत्त जावद द्वारा नयागांव हाईवे स्थित चाहत होटल पर कार्रवाई कर 9 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 7 पाव देशी मदिरा मसाला जब्त की गई। ग्राम खोर के जंगल में 10 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 170 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। लहान के नमूने लेकर शेष सामग्री नष्ट की गई तथा प्रकरण दर्ज किया गया। वृत्त की तीन मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर खोर दुकान से रासायनिक परीक्षण हेतु नमूना लिया गया। आबकारी वृत्त नीमच पश्चिम द्वारा ग्राम दलपतपुरा में एक किराना दुकान पर कार्रवाई कर 15 पाव देशी मदिरा मसाला एवं बीयर के 3 केन जब्त किए गए। वहीं ग्राम खड़बलिया पिपलिया के जंगल में लावारिस अवस्था में 160 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त दो मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर विभागीय प्रकरण दर्ज किए गए। आबकारी वृत्त सिंगोली द्वारा ग्राम डीकेन के इंद्रानगर क्षेत्र में कार्रवाई कर 8 पाव देशी मदिरा प्लेन, 3 पाव देशी मदिरा मसाला, माउंट 6000 बीयर के 6 केन एवं लंदन प्राइड के 6 पाव जब्त किए गए। इस कार्रवाई में एक न्यायालयीन प्रकरण दर्ज किया गया। इसके अलावा जाट स्थित मदिरा दुकान का निरीक्षण कर विभागीय प्रकरण कायम किया गया। 6 प्रकरण दर्ज, 61 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त जिले में की गई उक्त कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 6 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 13.6 लीटर अवैध मदिरा, 10 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा 520 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 61 हजार 52 रुपये है। जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. दांगी के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. सिंगाड़ा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रखने की बात कही गई है। |