|
नगर पालिका अध्यक्ष ने शहरवासियों को दी दीपोत्सव पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्व मनाने का किया आह्वान नीमच। दीपों का पावन पर्व दीपोत्सव हर घर-आंगन में खुशियों का उजियारा लेकर आए, हर जीवन सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली से रोशन हो। इसी मंगलकामना के साथ नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने समस्त नगरवासियों को दीपोत्सव पर्व की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। अपने शुभकामना संदेश में श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि दीपोत्सव केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पावन पर्व हम सभी के जीवन में ज्ञान, आरोग्य, सुख, शांति और समृद्धि का नया प्रकाश लेकर आए। मां लक्ष्मी की कृपा से प्रत्येक परिवार का जीवन खुशियों से परिपूर्ण हो तथा हर घर में प्रेम, सद्भाव और खुशहाली का वास हो। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी सार्थक होगा, जब हम अपने घरों के साथ-साथ अपने शहर को भी स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने का संकल्प लें। उन्होंने समस्त शहरवासियों से अपील की कि दीपोत्सव का पर्व हर्षोल्लास, आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं तथा पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छता की दीपावली मनाएं। श्रीमती चोपड़ा ने कामना की कि दीपोत्सव का यह पावन पर्व नीमच नगर सहित संपूर्ण क्षेत्र में सुख-समृद्धि, सद्भावना और विकास के नए दीप प्रज्ज्वलित करे तथा हर चेहरे पर मुस्कान और हर घर में खुशियों का उजाला बिखेरे। |