|
कानड़ में चिकित्सक की वैकल्पिक व्यवस्था कर स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाने के दिये निर्देश कलेक्टर द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ वितरित आगर-मालवा : कानड़ में चिकित्सक की वैकल्पिक व्यवस्था कर स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाएं, जिससे की स्थानीय रहवासियों को स्थानीय स्तर पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने कानड़ में नगर परिषद् द्वारा शुक्रवार को आयोजित जन विश्वास शिविर में ग्रामीणों की मांग पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने इस शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी हितग्राहीमूलक योजनाओं में लाभार्थियों को हितलाभ भी वितरित किया। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, एसडीएम श्री कमल मंडलोई, नगर परिषद् अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री बाबूलाल बीजापारी, जिला पंचायत सदस्य श्री मुकेश केलकर, श्री अंतर सिंह दौलतपुर,श्री भूपेन्द्र सिंह दरबार तथा पार्षद गण भी मंचासीन थे। इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 53 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण कर मंच से अवगत कराया गया। शिविर में पीएम स्वनिधि योजना के तहत् 5 लाभार्थियों को स्वीकृत राशि के चेक प्रदान किये गए। श्रीमती पवित्रा बीजापारी को संबल योजना के तहत् 2.30 लाख रूपए की अनुग्रह राशि का चैक भी प्रदान किया गया। संपत बाई, देवीलाल को पेंशन राशि का स्वीकृति पत्र एवं स्वामित्व योजना के लाभार्थी श्री शिवनारायण को भू-अधिकार अभिलेखों की रजिस्ट्री की प्रति भी प्रदान की। दुर्गा बचत साख समूह की महिलाओं को 6 लाख रूपए की ग्रामीण बैंक द्वारा स्वीकृत ऋण राशि का चेक भी प्रदान किया गया। लाडली लक्ष्मी योजना के तहत् प्रियांशी परिहार को भी योजना का प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम को श्री बाबूलाल बीजापारी ने भी संबोधित किया। प्रारंभ में कलेक्टर एवं मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। सीएमओ श्री शिवसिंह चौहान ने पुष्प गुच्छ भेंटकर मंचासीन अतिथियों का स्वागत् किया। कार्यक्रम का संचालन श्री मुकेश केलकर ने किया तथा अंत में सीएमओ श्री चौहान ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक, विभन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। |