|
गरोठ। क्षेत्रीय विधायक चंदरसिंह सिसोदिया के प्रयासों से खड़ावदा क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी प्रशासनिक सुविधा की सौगात मिली है। शुक्रवार को खड़ावदा स्थित पुराने अस्पताल भवन में विधायक चंदरसिंह सिसोदिया के मुख्य आतिथ्य में टप्पा तहसील कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यालय के शुरू होने से अब क्षेत्र के ग्रामीणों को राजस्व संबंधी छोटे-बड़े कार्यों के लिए गरोठ तहसील कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। खड़ावदा में ही स्थानीय स्तर पर राजस्व सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों के समय और धन दोनों की बचत होगी। विधायक सिसोदिया ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्यालय से क्षेत्र की 17 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले गांवों, मजरों और टोलों के लोगों को लाभ मिलेगा। चचावदा, बालौदा, ढलमु, देथली, रामनगर, सूरजना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को इसका सीधा फायदा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास और सरकारी सुविधाओं को पहुंचाना है। खड़ावदा में टप्पा तहसील कार्यालय की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में तहसीलदार अर्जुनसिंह भदोरिया ने स्वागत भाषण दिया और ग्रामीणों से कार्यालय के माध्यम से राजस्व सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार हुकुमचंद रत्नावत ने किया तथा आभार नायब तहसीलदार रघुनाथ मचार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सीताराम चारण, गरोठ मंडल भाजपा अध्यक्ष गोकुलसिंह चौहान, रंगलाल रावत, राधाकृष्ण पाटीदार, डॉ. दयाल रावत, पूर्व जनपद अध्यक्ष भगवानसिंह चंद्रावत, डॉ. मुकेश मीणा, चंद्रप्रकाश पंडा, पूरणसिंह, कन्हैयालाल गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव, पटवारी, कोटवार, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत खड़ावदा में टप्पा तहसील कार्यालय का शुभारंभ क्षेत्र के लिए प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए गरोठ तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। रिपोर्ट : विनोद जी धाकड़ |