रतलाम / बाजना। बाजना से रावटी स्टेशन मोर टूका तक लगभग 36 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। इस मार्ग पर बने करीब 49 अनियमित स्पीड ब्रेकर और खुदाई के बाद खुले पड़े लगभग 10 बड़े गड्ढे अब आम राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह मनमाने तरीके से बनाए गए स्पीड ब्रेकर और बिना सुरक्षा इंतजाम के खुले गड्ढे किसी बड़े सड़क हादसे को न्योता दे रहे हैं। रात के अंधेरे और बारिश के दौरान यह खतरा और भी बढ़ जाता है। जनहित से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को लेकर समाजसेवी रेणुका पोरवाल ने अब प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए जिला कलेक्टर सहित चार प्रमुख अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
रेणुका पोरवाल ने अपने पत्र में मार्ग की वास्तविक स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया कि पूरे 36 किलोमीटर के मार्ग पर लगभग 49 स्पीड ब्रेकर बने हुए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि मार्ग के मात्र 11 किलोमीटर हिस्से में ही करीब 21 स्पीड ब्रेकर मौजूद हैं। कई स्थानों पर निजी व्यक्तियों द्वारा बिना किसी निर्धारित तकनीकी मानक और अनुमति के सीमेंट के स्पीड ब्रेकर बना दिए गए हैं। स्थिति यह है कि कहीं महज चार फीट की दूरी पर दो-दो स्पीड ब्रेकर बना दिए गए हैं तो कहीं 100 मीटर के दायरे में ही दो ब्रेकर मौजूद हैं। इससे वाहन चालकों को बार-बार अचानक गति कम करनी पड़ती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सबसे गंभीर लापरवाही यह है कि मार्ग पर बने किसी भी स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टियां, पेंट अथवा स्पष्ट चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में वाहन चालकों को दूर से ब्रेकर दिखाई नहीं देते और अचानक सामने आने पर वाहन अनियंत्रित होने का खतरा पैदा हो जाता है। विशेषकर रात के समय दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। अनियमित ऊंचाई और गलत बनावट के कारण वाहनों को तेज झटके लगते हैं जिससे वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ ही यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
गर्भवती महिलाओं और मरीजों के लिए बना परेशानी का सफर
इस अव्यवस्थित सड़क व्यवस्था का सबसे अधिक खामियाजा गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। अस्पताल जाने वाले मरीजों और गर्भवती महिलाओं को इन अनियमित ब्रेकरों के कारण बार-बार तेज झटके सहने पड़ते हैं। वहीं सड़क पर खुदाई के बाद खुले पड़े लगभग 10 बड़े गड्ढे भी राहगीरों के लिए खतरे का कारण बने हुए हैं। इन गड्ढों की समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
कलेक्टर सहित चार अधिकारियों को लिखा पत्र
समाजसेवी रेणुका पोरवाल ने जिला कलेक्टर रतलाम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रतलाम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बाजना तथा कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजकर पूरे मार्ग का तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने सभी स्पीड ब्रेकरों की निर्धारित मानकों के अनुसार जांच कराने और बिना अनुमति अथवा अनियमित तरीके से बनाए गए ब्रेकरों को हटाने या नियमानुसार पुनर्निर्माण कराने की मांग रखी है। साथ ही प्रत्येक स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टियां और आवश्यक चेतावनी संकेतक लगवाने तथा खुदाई के बाद खुले पड़े सभी गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने का आग्रह किया है।
उन्होंने प्रशासन से केवल बाजना–रावटी मार्ग ही नहीं बल्कि आदिवासी अंचल के अन्य ग्रामीण मार्गों का भी निरीक्षण करवाने की मांग की है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के नाम पर हो रही लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके।
रेणुका पोरवाल ने कहा कि आम नागरिकों की जान और सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सड़क पर विकास कार्यों के नाम पर ऐसी अव्यवस्थित स्थिति नहीं रहनी चाहिए जिससे लोगों की जान खतरे में पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर जनसमस्या पर कितनी तत्परता दिखाता है या फिर किसी बड़े हादसे के इंतजार में ही यह मार्ग इसी बदहाल स्थिति में बना रहता है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत