रतलाम। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में पदोन्नति का इंतजार कर रहे पुलिस कर्मचारियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा मध्य प्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के अंतर्गत जारी आदेश के तहत प्रधान आरक्षक (एमटी) के पद पर कार्यरत पुलिसकर्मियों को सहायक उप निरीक्षक (एमटी) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस पदोन्नति आदेश में रतलाम जिले को भी महत्वपूर्ण लाभ मिला है। जिले से संबंधित दो प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक (एमटी) के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश क्रमांक पुमु/विसबल/7(3)/1240/2026 दिनांक 13 नवंबर 2026 के अनुसार पदोन्नति सूची में क्रमांक 55 पर दर्ज प्रधान आरक्षक एमटी 794 राजेन्द्र कुमार को सहायक उप निरीक्षक (एमटी) के पद पर पदोन्नत करते हुए उनकी नवीन पदस्थापना जिला उज्जैन से जिला रतलाम की गई है। वहीं सूची के क्रमांक 56 पर दर्ज प्रधान आरक्षक एमटी 823 सज्जन सिंह रावत को भी सहायक उप निरीक्षक (एमटी) के पद पर पदोन्नति का लाभ दिया गया है। सज्जन सिंह रावत वर्तमान में जिला रतलाम में पदस्थ हैं और पदोन्नति के बाद भी उनकी नवीन पदस्थापना जिला रतलाम ही रखी गई है।
इस आदेश के बाद रतलाम जिले को तकनीकी पुलिस इकाई में दो सहायक उप निरीक्षक (एमटी) मिलेंगे। इनमें एक कर्मचारी की उज्जैन से रतलाम में नई पदस्थापना हुई है जबकि दूसरे कर्मचारी को जिले में ही पदोन्नति का लाभ मिला है। इससे जिले की पुलिस परिवहन एवं मोटर ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में अनुभवी कर्मचारियों की भूमिका और महत्वपूर्ण होगी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी पदोन्नत कर्मचारियों को कार्यभार ग्रहण करने की दिनांक से सहायक उप निरीक्षक (एमटी) के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। उन्हें वर्तमान में लागू पदोन्नति नियम-2017 में विनिर्दिष्ट पे-मैट्रिक्स के अनुसार वेतनमान का लाभ मिलेगा।
उक्त पदोन्नति आदेश पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल की ओर से उप पुलिस महानिरीक्षक विसबल तुषार कांत विद्यार्थी के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। पदोन्नति की खबर से संबंधित पुलिस कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। रतलाम जिले में दो पुलिसकर्मियों को मिली इस पदोन्नति को विभागीय सेवा में उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत