|
पदस्थ चिकित्सक के अनुपस्थित मिलने पर जताई नाराजगी, तत्काल अन्य चिकित्सक की व्यवस्था करने के दिए निर्देश आगर-मालवा । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कानड़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पदस्थ चिकित्सक डॉ.एन एस परमार के अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने चिकित्सक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये। साथ ही अस्पताल में तत्काल अन्य चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी कक्ष, दवाई वितरण व्यवस्था, प्रतिदिन की ओपीडी एवं प्रसूति वार्ड का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने उपचार के लिए आईं श्रीमती हीरामणि बाई से बातचीत कर चिकित्सक की उपलब्धता, निःशुल्क दवाइयों एवं उपचार संबंधी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा मरीजों को समय पर समुचित उपचार एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने प्रसूति सेवाओं सहित सभी स्वास्थ्य सुविधाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर सुश्रीअर्पिता राय आदि उपस्थित थे। |