रतलाम
रतलाम शहर के पैलेस रोड स्थित इंडियन बैंक की शाखा में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 7:15 बजे बैंक के अंदर से धुआं निकलने लगा और सायरन बजने लगा, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए। सूचना मिलते ही बैंक कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शटर खोलकर देखा तो बैंक मैनेजर के केबिन से तेज आग और धुआं निकल रहा था। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग की चपेट में आने से मैनेजर के केबिन में लगा एयर कंडीशनर पूरी तरह जल गया और उसका कांच भी फूट गया।
इसके अलावा बैंक के करीब 7 से 8 कंप्यूटर जल गए या पानी के कारण खराब हो गए। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग में जलकर राख हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि बैंक के लॉकर पूरी तरह सुरक्षित रहे और उनमें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना सुबह करीब 7:50 बजे फायर ब्रिगेड को दी गई। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान पानी की बौछारों से बैंक परिसर में काफी पानी भर गया। शुरुआत में बैंक कर्मचारियों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया।
बैंक मैनेजर राजीव बोथरा ने बताया कि सुबह धुआं और सायरन की सूचना मिलने पर शटर खोला गया तो केबिन में आग लगी हुई थी। उन्होंने बताया कि बैंक में करीब 80 हजार चालू और बचत खाते हैं। आग की खबर फैलते ही कई ग्राहक बैंक पहुंचे और लॉकर की सुरक्षा को लेकर जानकारी लेते रहे।
वहीं सागर जिले के बहरोल क्षेत्र में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में भी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई है, जिसमें बैंक का फर्नीचर जलकर खाक हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Crime reporter Jitendra Kumawat