रतलाम / ताल
रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रणायरा में हुए सनसनीखेज मारपीट व हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार के मार्गदर्शन में थाना ताल पुलिस ने गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए यह सफलता हासिल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी दशरथ पिता भारतसिंह, निवासी ग्राम रणायरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3 बजे ग्राम स्थित भोपालसिंह के कुएं पर पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने एकजुट होकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवार, लाठी और लोहे के पाइप से जानलेवा हमला किया, जिसमें फरियादी के भाई नारायण सिंह को सिर में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पर फरियादी को भी मारपीट का शिकार बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के आधार पर थाना ताल में अपराध क्रमांक 127/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार पतारसी के बाद मुख्य आरोपी सुखदेव पिता जगन्नाथ पाटीदार (32 वर्ष) एवं अनिल पिता पुष्करलाल पाटीदार (28 वर्ष), दोनों निवासी रणायरा, को गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी सुखदेव की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ताल उनि वीडी जोशी, सउनि मदन सिंह डोडिया, आरक्षक शुभम सिंह चौहान, विक्रम चौधरी, भूपेंद्र डिंडोर एवं मआर लक्कीराज की सराहनीय भूमिका रही।
Crime reporter Jitendra Kumawat