रतलाम/ नामली
रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र के पलदुना फाटा पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने आखिरकार बड़ा रूप ले लिया है। गुरुवार रात हुए एक भीषण हादसे में “पुलिस” लिखी ग्रेन विटारा कार ने तीन लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग फोरलेन हाईवे पर उतर आए।
फोरलेन पर हंगामा, अंतिम संस्कार की तैयारी ग्रामीण मृतक का अंतिम संस्कार सीधे हाईवे पर करने की मांग पर अड़ गए। इसके लिए वे लकड़ियां और अन्य सामग्री लेकर मौके पर पहुंच गए। हाईवे किनारे टेंट-तंबू लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है।
भारी पुलिस बल तैनात स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के कई थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। अधिकारी ग्रामीणों को समझाइश देने में जुटे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
हादसों से त्रस्त लोग, कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों का आरोप है कि पलदुना फाटा पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर, सर्विस रोड और सुरक्षा इंतजाम की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज कर दिया है।
आगे की अपडेट जारी...
स्थिति को लेकर प्रशासन और पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत