|
|
जावद/नीमच। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर श्री बीएस कलेश के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को जावद शहर में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई अभिहित अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में की गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र सहित शहर के विभिन्न समोसा-कचौरी एवं नाश्ता प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य तेल, मसाले, साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। वहीं सब्जी और फल विक्रेताओं के यहां चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से हरी सब्जियों में कृत्रिम रंग तथा फलों में प्रतिबंधित कार्बाइड की जांच भी की गई। जांच के दौरान किसी भी प्रकार का रंग या कार्बाइड उपयोग में नहीं पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री यशवंत कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुल 08 नमूने लिए गए, जिन्हें जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने ▪️ शानू मिष्ठान, बस स्टैंड जावद – मूंगफली तेल एवं कचौरी के नमूने ▪️ रमेशचंद्र छीपा चाट सेंटर, बस स्टैंड – पानी पूरी के पानी एवं मूंगफली तेल के नमूने ▪️ पवन नाश्ता सेंटर, bus stand जावद – मूंगफली तेल एवं कचौरी के नमूने ▪️ प्रजापत मिष्ठान, मुखर्जी मार्ग कसेरा बाजार – मूंगफली तेल एवं समोसा के नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री शर्मा ने बताया कि जिलेभर में इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। |