|
|
-- नपा अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने निरीक्षण कर बैडमिंटन भी खेला नीमच। अनेक बंगला क्षेत्र और नपा के आधीपत्य वाली कॉलोनीयों मैं मकान के पीछे वाली बेक लाइन का उपयोग अब तक अनेक रहवासी कचरा फेंकने व गंदे पानी की निकासी के लिए करते थे जिससे बैकलाइन गंदगी से सरोबार रहती थी किंतु नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा और मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया की नवाचार वाली सोच ने गंदगी से परिपूर्ण रहने वाली बेक लाइन को एक सुंदर रूप देना प्रारंभ कर दिया है। वार्ड क्रमांक 34 के बंगला नंबर 40 में ऐसा ही अभिनव प्रयोग किया गया है जिसके तहत बेक लाइन को साफ- सुथरा व समतल कर दीवारों पर सुंदर पेंटिंग की गई है जहां अब छोटे बच्चे बैडमिंटन व अन्य गेम खेलते नजर आते हैं। शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने स्वास्थ्य सभापति श्री धर्मेश पुरोहित व वार्ड क्रमांक 34 की पार्षद श्रीमती शारदा दीपक पाटनी के साथ बेक लाइन का निरीक्षण किया ओर स्वास्थ्य सभापति श्री पुरोहित तथा बच्चों के साथ बैडमिंटन भी खेला। श्रीमती चोपड़ा ने इस अवसर पर कहा कि हमने मकानो की बेकलाइन को गंदगी से मुक्त कर सुंदर रूप देने का प्रयास प्रारंभ किया है और इस नवाचार के चलते बेक लाइन अब बच्चों के खेलने का सुंदर स्थान बन चुकी है जहां मोबाइल में व्यस्त रहने वाले बच्चों को घर से बाहर निकालकर खेलने का एक अच्छा स्थान प्रदान किया गया है। श्रीमती चोपड़ा ने शहर वासियों से कचरा सड़क पर या नाली में ना फेंकते हुए कचरा गाड़ी में ही डालने का अनुरोध करते हुए कहा कि आप सब के सहयोग से ही शहर स्वच्छ व सुंदर बन सकेगा। |