|
|
बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक संपन्न अदिती गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक सुशासन भवन स्थित सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि पीएम आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत इस वर्ष जिले के 6650 हितग्राहियों को आवास का लाभ प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ प्राप्त कर सकें। पीएम विश्वकर्मा योजना की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि गत वर्ष लगभग 5000 युवाओं को प्रशिक्षण देकर योजना से लाभान्वित किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन बैंकों द्वारा आवेदन निरस्त किए गए हैं, उनके कारणों की आईटीआई प्राचार्य एवं एलडीएम के साथ मिलकर रैंडम जांच की जाए तथा निरस्तीकरण के कारणों का परीक्षण किया जाए। पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत 50 हजार रुपये तक की ऋण योजना में अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि इस योजना की समीक्षा प्रत्येक साप्ताहिक बैठक में की जाएगी। बैठक में पीएम मुद्रा योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, उद्यम क्रांति योजना, कामधेनु योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना तथा भगवान बिरसा मुंडा योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। फसल बीमा संबंधी शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर अदिती गर्ग ने बीमा कंपनी के अधिकारियों को वीसी के माध्यम से निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी को जिले में नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। बैठक में लीड बैंक मैनेजर संजय मोदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित रहे। रिपोर्ट : विनोद जी धाकड़ |