रतलाम
मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, रतलाम की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक में कर्मचारी एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देखने को मिला। जिले के विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारी साथियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए कर्मचारी हितों, संगठन के विस्तार और आपसी समन्वय से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के संभागीय वरिष्ठ मार्गदर्शक श्री कृष्णजी तंवर (भाई साहब) एवं जिला अध्यक्ष श्री सुरेंद्र शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों ने वर्तमान परिस्थितियों में संगठन की भूमिका, समन्वय की आवश्यकता तथा कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए मजबूत और सक्रिय संगठन की आवश्यकता पर विस्तार से अपने विचार रखे।
बैठक के पश्चात सर्किट हाउस में वरिष्ठ नेता श्री सुल्तान सिंह शेखावत के साथ महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस दौरान संगठन की भावी रणनीति और जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अहम निर्णय लिए गए। चर्चा के बाद यह स्पष्ट किया गया कि मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की भोपाल से घोषित जिला कार्यकारिणी ही जिले में संगठनात्मक कार्यों का संचालन करेगी।
इस अवसर पर श्री सुल्तान सिंह शेखावत ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नए साथियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं और सक्रिय कर्मचारियों को संगठन के कार्यों में आगे लाने तथा उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व सौंपने पर बल दिया।
भोपाल से घोषित जिला कार्यकारिणी
जिला अध्यक्ष – श्री अशोक सिंह पवार
जिला सचिव – श्री शैतान सिंह राठौड़
कोषाध्यक्ष – श्री हरीश भिंडवाल
कार्यकारी अध्यक्ष – श्री अशोक शर्मा
संगठन मंत्री – श्री अनिल मेहता
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारी साथियों ने एक स्वर में संगठन की एकता को सर्वोपरि बताते हुए कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान यह संदेश भी प्रमुखता से उभरकर सामने आया कि संगठन की शक्ति एकता में है और एकता का आधार समन्वय है। जब सभी साथी एकजुट होकर आगे बढ़ते हैं, तब सफलता स्वयं उनके कदम चूमती है।
कर्मचारी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मजबूत नेतृत्व और समन्वय के बल पर मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ रतलाम जिले में कर्मचारियों की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से बुलंद करेगा तथा उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत