|
|
नीमच । आगामी सिंहस्थ-2028 महापर्व के सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन को ध्यान में रखते हुए नीमच पुलिस द्वारा जिला स्तर पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में आयोजित द्वितीय पुलिस प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री व्यास ने प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए सिंहस्थ महापर्व की व्यवस्थाओं, संभावित चुनौतियों तथा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिस बल की दक्षता, अनुशासन, संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिसकर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं। एसपी श्री व्यास ने बताया कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत जिले के समस्त पुलिस बल को 1 जून 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, संचार समन्वय, सुरक्षा प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित एवं सक्षम पुलिस बल ही किसी भी बड़े आयोजन के सफल और सुरक्षित संचालन की आधारशिला होता है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों से उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं अनुभवों का अधिकतम लाभ उठाने तथा उसे भविष्य में व्यवहारिक रूप से लागू करने का आह्वान किया। गौरतलब है कि इस प्रशिक्षण श्रृंखला का प्रथम सत्र 1 जून से 6 जून 2026 तक आयोजित किया गया था, जिसमें 50 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सिंहस्थ-2028 के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया था। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्री विक्रम सिंह भदौरिया, सुबेदार श्री सुरेश सिसोदिया, प्रशिक्षकगण एवं प्रशिक्षणार्थी पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। |