रतलाम / सरवन
सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ीकला में 20 वर्षीय युवक प्रेम सिंह पिता प्रभु निनामा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई । युवक का शव 14 जून की रात के बाद 15 जून की सुबह एक सागौन के पेड़ से उसकी शर्ट के सहारे फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश एवं चिंता का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जून की सुबह करीब 6 बजे मृतक के चचेरे भाई राहुल ने जंगल में शौच के लिए जाते समय प्रेम सिंह को पेड़ से लटका हुआ देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और पुलिस को अवगत कराया गया। मामले में कार्यवाहक उप निरीक्षक काशीराम अलावे द्वारा धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना भेजा गया। मामले की जांच का जिम्मा भी काशीराम अलावे को सौंपा गया है।
इधर मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में सरवन थाने में थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया को जनपद प्रतिनिधि ग्राम ताराघाटी के सरपंच एवं सहित ग्रामीण प्रतिनिधियों परिवारजनों द्वारा पुलिस अधीक्षक रतलाम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष पारदर्शी एवं वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल घटनास्थल के तकनीकी साक्ष्य तथा जिन व्यक्तियों पर परिजनों ने संदेह व्यक्त किया है उनसे विस्तृत पूछताछ की मांग की गई है।
साथ ही प्रकरण की जांच सीआईडी अथवा विशेष जांच दल (SIT) से कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
परिजनों का कहना है कि घटना से पूर्व कुछ लोग प्रेम सिंह के घर आए थे और उसे अपने साथ बुलाकर ले गए थे। परिजनों ने कुछ व्यक्तियों के नाम लेते हुए पूर्व में धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया है जिसकी सत्यता की निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग की जा रही है।
ग्रामीणों की ओर से दिए गए ज्ञापन में जिला जनपद प्रतिनिधि चंदू मईडा सरपंच दिनेश निनामा समरथ मईड़ा रमेश पारगी उदयलाल निनामा सहित कई ग्रामीण एवं मृतक के परिजन मौजूद रहे।
वहीं इस मामले में सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया ने बताया कि प्रकरण में मर्ग कायम कर लिया गया है तथा जांच जारी है। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज में कराया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच अधिकारी एवं कार्यवाहक उप निरीक्षक काशीराम अलावे ने भी पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज में कराया गया है तथा मामले की जांच प्रचलित है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल, बड़ीकला में युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं और ग्रामीणों की नजरें अब पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Crime reporter Jitendra Kumawat