रतलाम : रतलाम पुलिस ने आज एक बार फिर अपनी सजगता और सूझबूझ का लोहा मनवाया है। स्टेशन रोड थाना पुलिस की टीम ने रात के अंधेरे में छिपे खूंखार अंतरराज्यीय डकैत गैंग को घेराबंदी कर धर दबोचा। ये गैंग चांदनी चौक सर्राफा बाजार की किसी बड़ी ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर डकैती की बड़ी साजिश रच रहा था। घातक हथियारों और चोरी के औजारों से लैस इस गैंग के 6 सदस्यों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया जबकि एक फरार हो गया। पुलिस की इस सफलता ने न सिर्फ शहर के व्यापारियों को बड़ी राहत दी है बल्कि अपराधियों में भी दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के सख्त निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए थे। इसी दौरान स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन को एक विश्वसनीय मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली कि पंचपीर दरगाह के पास उंकाला रोड पर 6-7 संदिग्ध व्यक्ति बैठे हैं। उनके पास धारदार हथियार हैं और वे सर्राफा बाजार में किसी बड़ी ज्वेलर्स की दुकान पर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में तीन टीमें गठित की गईं। निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन ने खुद एक टीम का नेतृत्व किया। रात के सन्नाटे में पुलिस ने पंचपीर दरगाह के पास घेराबंदी कर दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से गैंग के सदस्य हक्के-बक्के रह गए। पुलिस की तेजी के आगे वे भाग नहीं पाए। छहों को घातक हथियारों और नकबजनी के औजारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी दिनेश हांडा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी और उनका आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पारदी समुदाय से हैं और विभिन्न जिलों से जुड़े हुए हैं। इनमें शामिल हैं
कैलाश उर्फ सुखदेव मोंगिया (56 वर्ष) निवासी मुंडरा जिला अशोकनगर
मेहरसिंह उर्फ नेहरसिंह उर्फ नेहरिया (60 वर्ष) निवासी गुलगांव जिला रायसेन
नामेश उर्फ सोल्जर (20 वर्ष) निवासी गुलगांव जिला रायसेन
प्रभात उर्फ चेतन (27 वर्ष) निवासी गुलगांव जिला रायसेन
निखिल (19 वर्ष) निवासी बिरला ग्राम बागरी टापरी जिला उज्जैन (मूल निवासी गुना)
वजूद उर्फ अंगद (29 वर्ष) निवासी रतवास चक जिला अशोकनगर
खास बात ये कि गिरफ्तार प्रभात नेपानगर बुरहानपुर का एक बड़ा फरार ईनामी आरोपी है जिस पर पहले भी डकैती का मामला दर्ज है। कई अन्य आरोपियों पर स्थाई वारंट भी जारी थे। ये गैंग अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और रतलाम को अपना नया टारगेट बनाया था।
जप्त हथियार और सामग्री
पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में घातक सामग्री बरामद की है जिसमें शामिल हैं:
एक लोहे की धारदार तलवार
एक लोहे का धारदार फालिया
लोहे की रॉडनुमा गुप्ती
लोहे की टॉमी
काला बैग जिसमें गुलेल
हाईड्रोलिक कटर पाने पेचकस
लकड़ी का डंडा
ये सामग्री साफ जताती है कि गैंग बड़े स्तर की डकैती की तैयारी कर रहा था। हाईड्रोलिक कटर जैसी चीजें ज्वेलरी शॉप के शटर तोड़ने या तिजोरी खोलने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस सफल ऑपरेशन में निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन के साथ उनकी टीम के जांबाज जवानों ने कमाल का प्रदर्शन किया। उनमें उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह कनेश विजय सिंह बामनिया प्र.आर. हेमंत परमार प्र.आर. मुकेश सिंह चौहान प्र.आर. विजय मीणा आर. दीपक मकवाना आर. ललीत वर्मा आर. गोपाल आंजना आर. हरिकिशन पंवार आर. लखन सिंह और आर. विरेंद्र सोनी शामिल हैं। इनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने बड़े हादसे को टाल दिया।
थाना स्टेशन रोड पर इस मामले में अपराध क्रमांक 458/2026 दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) 310(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विवेचना जारी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि अपराधियों के किसी भी संगठित प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फरार आरोपी दिनेश हांडा को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रतलाम पुलिस की ये कार्रवाई रात के अंधेरे में भी अपराध पर नकेल कसने की ये मुहिम जारी रहेगी। शहरवासी अब राहत की सांस ले सकते हैं लेकिन पुलिस की नजर हर तरफ है।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत