|
|
नीमच। नीमच के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू ने कहा है कि शीघ्र ही उदयपुर से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन का संचालन चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) होते हुए शुरू होने जा रहा है, जिससे नीमच और मंदसौर क्षेत्र के यात्रियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। डॉ. जाजू ने बताया कि रेल मंत्रालय ने आमजन की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उदयपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को मंजूरी प्रदान कर दी है। संभावना है कि आगामी एक माह के भीतर यह ट्रेन नियमित रूप से संचालित होने लगेगी। यह ट्रेन प्रतिदिन उदयपुर से प्रातः रवाना होकर दोपहर तक दिल्ली पहुंचेगी तथा दोपहर में दिल्ली से रवाना होकर रात्रि में उदयपुर पहुंचेगी। इससे उदयपुर से दिल्ली की यात्रा लगभग साढ़े आठ घंटे में पूरी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन का चंदेरिया स्टेशन पर ठहराव होने से मंदसौर और नीमच क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। चंदेरिया स्टेशन पहले से ही विभिन्न लंबी दूरी की ट्रेनों का महत्वपूर्ण ठहराव केंद्र है और भविष्य में यहां से और अधिक यात्री ट्रेनों का संचालन होने की संभावना है। डॉ. जाजू ने क्षेत्र के दोनों सांसदों से मांग की है कि मंदसौर-नीमच के यात्रियों की सुविधा के लिए मंदसौर-नीमच-चंदेरिया के बीच मेमू शटल ट्रेन सेवा प्रारंभ करवाई जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रतिदिन कम से कम तीन फेरे संचालित किए जाएं, जिससे यात्रियों को चंदेरिया स्टेशन तक पहुंचकर वंदे भारत सहित अन्य ट्रेनों का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि देश के कई क्षेत्रों में रेलवे इस प्रकार की कनेक्टिंग शटल सेवाएं सफलतापूर्वक संचालित कर रही है। पूर्व में भी ब्रॉडगेज लाइन शुरू होने के बाद नीमच और चित्तौड़गढ़ के बीच ऐसी रेल सेवा संचालित की गई थी, जिसका यात्रियों ने भरपूर लाभ उठाया था। डॉ. जाजू ने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद इस महत्वपूर्ण मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही रेल मंत्री से चर्चा करेंगे और मंदसौर-नीमच-चंदेरिया मेमू शटल सेवा शुरू करवाकर क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराएंगे। |