रतलाम / सैलाना
थाना सैलाना क्षेत्र में कोटड़ा रोड स्थित चारेल पेट्रोल पंप एवं नर्सिंग कॉलेज के आगे गौवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। घटना के बाद सुबह करीब 8 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीओपी रतलाम (ग्रामीण) किशोर पाटनवाला भी सैलाना पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच को और तेज करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्र में भी पड़ताल कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जा रही है।
सैलना नगर में तेरा भवन देर रात गौवंश की हत्या कर अवशेष मिलने की घटना के बाद भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिपलोदा फंटे पर रतलाम-बांसवाड़ा हाईवे जाम कर दिया। करीब ढाई से तीन घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद प्रशासन के आश्वासन पर चक्काजाम समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 की रात लगभग 11:45 बजे थाना सैलाना क्षेत्र में कोटड़ा रोड स्थित चारेल पेट्रोल पंप और नर्सिंग कॉलेज के आगे गौवंश के सर और पैर के अवशेष पड़े मिले। अवशेषों में गौवंश का सिर, खाल और खुर शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर गहरा रोष व्यक्त किया।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के करीब 50 से 60 कार्यकर्ताओं ने साईं पेट्रोल पंप-पिपलोदा सैलाना चौराहे पर धरना देकर रतलाम-बांसवाड़ा हाईवे को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने गौवंश के हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, नामजद एफआईआर और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीएम तरुण जैन, एसडीओपी नीलम बघेल, तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, थाना प्रभारी पिंकी आकाश, रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गडेरिया, सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सेमलिया, डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव तथा स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन सहित भारी पुलिस बल एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पशु चिकित्सालय के चिकित्सकों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रशासन द्वारा जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 एवं 9 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा दो संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के दौरान विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के विभाग सह मंत्री पवन बंजारा, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला गोरक्षा प्रमुख योगेश चौहान, जिला सह-संयोजक योगेंद्र कुशवाहा, जिला सह-गोरक्षा प्रमुख गनी शक्तावत, जिला सह बलोपासना प्रमुख महेश राव (धामनोद), प्रखंड संयोजक ललित चंदेल, सैलाना प्रखंड मंत्री रोहित सोलंकी, सामाजिक समरसता प्रमुख संतोष चंदेल, नवीन सहित जिला, प्रखंड एवं खंड स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटना को लेकर नगर में व्यापक नाराजगी व्याप्त है और विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत