रतलाम। सहायक आयुक्त कार्यालय रतलाम में पदस्थ सहायक आयुक्त रंजना सिंह के रतलाम से बड़वानी स्थानांतरण होने पर मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा रतलाम द्वारा भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कर्मचारी हितों के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण और सहयोगात्मक कार्यशैली की सराहना की।
जिला अध्यक्ष दिनेश बारोठ के नेतृत्व में कर्मचारी संघ का प्रतिनिधिमंडल सहायक आयुक्त कार्यालय पहुंचा, जहां स्थानांतरित सहायक आयुक्त रंजना सिंह का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि रंजना सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोगात्मक व्यवहार और संवेदनशील कार्यशैली को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर कर्मचारी संगठन की ओर से उनके द्वारा कर्मचारी हितों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया गया तथा बड़वानी में नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
विदाई समारोह में प्रांतीय सचिव बृजलाल बोरिया, तहसील अध्यक्ष बसंतीलाल म. ईड़ा, मिथिलेश मिश्रा, तेजपाल सिंह राणावत, रावटी तहसील अध्यक्ष नटवरलाल म. ईड़ा, अजय चावला, गोपाल टांक, कन्हैयालाल किहोरी, नानूराम देवड़ा, सूर्यपाल चरपोटा, रमेश गरवाल, महावीर शर्मा, शैलेंद्र सिंह चौहान, रितेश जैन, सुगनामाल, भेरूसिंह मुनिया सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह का वातावरण आत्मीयता और सम्मान से परिपूर्ण रहा। उपस्थित कर्मचारियों ने रंजना सिंह के सरल व्यक्तित्व, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और कर्मचारियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। कर्मचारी संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी नई पदस्थापना पर भी इसी समर्पण और दक्षता के साथ उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करेंगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत