|
|
आगर मालवा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ उनके परिवार की खुशहाली का भी मजबूत आधार बन रही है। योजना के अंतर्गत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं न केवल अपनी जरूरतें पूरी कर रही हैं, बल्कि बच्चों की शिक्षा और घरेलू खर्चों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। आगर मालवा के वार्ड क्रमांक-18 निवासी श्रीमती मधु प्रजापति इस योजना से लाभान्वित महिलाओं में शामिल हैं। उन्हें योजना के तहत प्रतिमाह 1,500 रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो रही है। मधु बताती हैं कि इस राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की स्कूल फीस, पढ़ाई-लिखाई और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं पर करती हैं। इससे परिवार का आर्थिक बोझ कम हुआ है और बच्चों की शिक्षा नियमित रूप से जारी रखने में मदद मिली है। मधु प्रजापति के अनुसार, पहले बच्चों की पढ़ाई का खर्च जुटाना कई बार चुनौती बन जाता था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से काफी राहत मिली है। इससे वे बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निश्चिंत होकर उनकी शिक्षा पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना ने उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के सपनों को साकार करने में सहयोग दिया है। योजना से लाभान्वित श्रीमती मधु प्रजापति ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं और उनके परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। |