|
|
एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 में 40 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 34 हजार से अधिक रोजगार के अवसर आगर मालवा : मध्यप्रदेश की तकनीकी और औद्योगिक प्रगति को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव में 51 प्रमुख गतिविधियों के माध्यम से लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे प्रदेश में 34 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश को 46 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जबकि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 के बाद टेक्नोलॉजी क्षेत्र में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इस दौरान 22 नई औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण और चार नई परियोजनाओं का भूमि-पूजन भी किया गया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब कृषि और खनिज आधारित पहचान से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, डिफेंस, ड्रोन, रिन्यूएबल एनर्जी और डिजिटल टेक्नोलॉजी जैसे भविष्य के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार उद्योगों के लिए निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है और नवाचार, अनुसंधान तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 28 हजार 200 करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी निवेश परियोजनाएं ग्राउंडब्रेकिंग चरण में पहुंच चुकी हैं। इनमें स्पेन की सबमर ग्रुप द्वारा भोपाल में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की लागत से एआई-रेडी डेटा सेंटर की स्थापना प्रमुख है। इसके अलावा कनाडा, अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, जापान, दक्षिण कोरिया, आयरलैंड और इंडो-जर्मन सहयोग की कई परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इंदौर के सुपर कॉरिडोर में अत्याधुनिक आईटी पार्क विकसित किया जाएगा। भोपाल आईटी पार्क में नया आईटी टॉवर और कोलार क्षेत्र में प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं वाला नया आईटी पार्क बनाया जाएगा। प्रदेश में सेमीकंडक्टर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, एवीजीसी-एक्सआर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना भी की जाएगी। ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। कॉन्क्लेव के दौरान 20 नई औद्योगिक एवं तकनीकी इकाइयों का लोकार्पण किया गया, जिनमें 178.70 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 1,229 रोजगार सृजित होंगे। आठ कंपनियों को भूमि आवंटन के आशय-पत्र भी प्रदान किए गए, जिनसे 203.58 करोड़ रुपये का निवेश और 1,242 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में गूगल प्ले के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल क्षमता विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। वहीं भोपाल में 422 करोड़ रुपये की पीसीबी मैन्युफैक्चरिंग परियोजना को भी स्वीकृति दी गई, जिससे 314 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। कॉन्क्लेव में देश-विदेश की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश की उद्योग-अनुकूल नीतियों, तेज निर्णय प्रक्रिया, उत्कृष्ट लॉजिस्टिक्स, पर्याप्त भूमि उपलब्धता और कुशल मानव संसाधन की सराहना करते हुए राज्य में दीर्घकालिक निवेश के प्रति विश्वास व्यक्त किया। |