|
|
मंदसौर। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेशभर में संचालित नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के अंतर्गत नारायणगढ़ पुलिस द्वारा शासकीय हाई स्कूल नारायणगढ़ में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में उप निरीक्षक भारत भाभर ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। इस दौरान एसआई भारत भाभर ने विद्यालय में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ अभियान में भाग लेते हुए नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। नारायणगढ़ पुलिस ने बताया कि नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत क्षेत्र में लगातार जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां शपथ ग्रहण, संवाद एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार हो। रिपोर्ट : कमलेश शर्मा |