|
|
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक संपन्न नीमच : कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा कुपोषण उन्मूलन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीयन, नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा समय पर पोषण आहार वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। कलेक्टर श्री चंद्रा ने कुपोषण की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि गंभीर कुपोषित (एसएएम) बच्चों को समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस माह लगभग 1000 न्यूट्री बास्केट वितरित किए जाएं। जिन बच्चों को चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता हो, उन्हें तत्काल पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराया जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सभी पात्र हितग्राहियों की आधार एवं अपार आईडी तैयार करने तथा प्रत्येक सेक्टर स्तर पर विशेष आधार शिविर आयोजित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से वीएचएसएनडी दिवसों का निरीक्षण कर सेवाओं की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीडीपीओ एवं सुपरवाइजरों से कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हों तथा इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। बैठक में कुपोषित बच्चों के परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की माताओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उनकी आजीविका को मजबूत किया जाए। साथ ही घरों में उपलब्ध स्थान के अनुसार किचन गार्डन विकसित कराए जाएं, जिसके लिए कृषि विज्ञान केंद्र,उद्यानिकी एवं कृषि विभाग के माध्यम से पौधे एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। जिन आंगनवाड़ी केंद्रों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, वहां न्यूट्री गार्डन विकसित किए जाएंगे। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मैदानी अमले को पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में कमजोर प्रदर्शन करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पहले प्रशिक्षण देकर सुधार का अवसर दिया जाएगा, लेकिन इसके बाद भी लापरवाही या कार्य के प्रति उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी कर सेवा समाप्ति सहित आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, स्वास्थ्य, कृषि विज्ञान केंद्र,उद्यानिकी ,कृषि कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। |