रतलाम। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने जिला अध्यक्ष दिनेश बारोठ के नेतृत्व में नवागत सहायक आयुक्त प्रियंका राय का आत्मीय स्वागत किया। संघ के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया। स्वागत के उपरांत कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों एवं विभागीय समस्याओं को लेकर लगभग एक घंटे तक विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में कर्मचारी संघ ने वर्षों से लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि कर्मचारियों को समय पर उनके वैधानिक अधिकार एवं आर्थिक लाभ मिलना चाहिए। जिला अध्यक्ष दिनेश बारोठ ने बताया कि कई कर्मचारी सेवानिवृत्ति के लंबे समय बाद भी अपनी पेंशन संबंधी औपचारिकताओं के लिए परेशान हैं, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने प्रमुख मांगों में सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ जारी करने, जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक के 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) एरियर का भुगतान, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय क्रमोन्नति से वंचित कर्मचारियों को शीघ्र लाभ प्रदान करने, सीसीएल अवकाश के दौरान 80 प्रतिशत भुगतान वाले कर्मचारियों का रुका हुआ वेतन जारी करने, उच्च माध्यमिक शिक्षकों के सीसीएल स्वीकृति आदेश जिला स्तर से जारी करने तथा परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने पर 100 प्रतिशत वेतन का भुगतान किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी। साथ ही कर्मचारी संगठन ने इन सभी मामलों में माननीय न्यायालय के आदेशों के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सहायक आयुक्त प्रियंका राय ने कर्मचारी प्रतिनिधियों की सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर यथाशीघ्र निराकरण कराया जाएगा, ताकि पात्र कर्मचारियों को समय पर लाभ मिल सके।
इस अवसर पर प्रांतीय सचिव बृजलाल बोरिया, मिथिलेश मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष नटवरलाल मईड़ा, भंवरलाल देवड़ा, कन्हैयालाल कीहोरी, नानूराम देवड़ा, भेरूलाल मुनिया, वीरसिंह मईड़ा, भेरूलाल गुजराती, कोदर केरावत सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि नवागत सहायक आयुक्त के कार्यकाल में लंबित मामलों का शीघ्र समाधान होगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत