रतलाम / पिपलौदा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड स्तरीय बैठक का आयोजन जनपद पंचायत सभागृह पिपलौदा में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक में परिषद की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति तैयार की गई। कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय तथा नवनियुक्त विकासखंड समन्वयक श्री रतनलाल चरपोटा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने एक पेड़ मां के नाम अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और परिषद के सभी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक पौधारोपण कर समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने 4 जुलाई से 12 अगस्त तक चल रहे स्वैच्छिकता अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए परिषद के आगामी सत्र में नवीन प्रवेश प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की तथा सभी परामर्शदाताओं एवं नवांकुर संस्थाओं से निर्धारित लक्ष्य समय पर पूर्ण करने का आग्रह किया।
नवनियुक्त विकासखंड समन्वयक श्री रतनलाल चरपोटा ने बैठक में उपस्थित सभी परामर्शदाताओं एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए विकासखंड के सभी लक्ष्यों को शत प्रतिशत पूरा किया जाएगा। उन्होंने नवीन प्रस्फुटन समितियों के चिन्हांकन तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों को सक्रिय करते हुए अधिक से अधिक सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज में जनभागीदारी बढ़ाना तथा सेवा भाव के माध्यम से विकास की नई मिसाल स्थापित करना है।
बैठक में परामर्शदाता श्री कांतिलाल पाटीदार श्री अनिल पाटीदार श्री जगदीश बैरागी श्रीमती सोनल बघेल शेरपुर ग्राम उत्थान समिति के श्री गणपत जाधव ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के श्री राकेश पाटीदार तथा भगतसिंह ग्राम उत्थान समिति बरगढ़ के श्री नरेंद्र सोलंकी सहित विभिन्न नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा अभियान को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक के समापन के बाद जनपद पंचायत पिपलौदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ब्रह्मस्वरुप हंस ने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों को पौधारोपण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति से पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात विकासखंड कार्यालय पिपलौदा के समीप स्थित शिव मंदिर उद्यान में सभी अधिकारियों पदाधिकारियों परामर्शदाताओं तथा नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन समाज सेवा पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी के संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत