|
|
आगर मालवा : आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समारोह की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक में मुख्य समारोह से लेकर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण, सुरक्षा, चिकित्सा, आमंत्रण, फोटोग्राफी तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना निर्धारित की गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी विभागीय कार्यालय 15 अगस्त को प्रातः 8 बजे तक निर्धारित समय पर ध्वजारोहण करेंगे तथा अधिकारी-कर्मचारी मुख्य समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्य जिला स्तरीय समारोह परेड ग्राउंड आगर पर आयोजित होगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण एवं संदेश वाचन किया जाएगा। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। मुख्य समारोह में एलईडी पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। बैठक में आयोजन स्थल पर मंच, बेरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, साफ-सफाई, पेयजल, बैठक व्यवस्था, जनरेटर, पार्किंग, पुष्प सज्जा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायत-व्यवस्था, अग्निशमन, चिकित्सा दल, एम्बुलेंस तथा आवश्यक प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में अंतर्गत परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास 13 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे आयोजित होगा, जबकि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के चयन के लिए निर्धारित समिति द्वारा विद्यालयों के कार्यक्रमों का परीक्षण कर अंतिम चयन10 अगस्त को किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना पर आधारित होंगे तथा उनकी समय-सीमा भी निर्धारित की गई है। बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किए जाने की प्रक्रिया भी तय की गई। विभागों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित प्रारूप में सीमित संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रस्ताव अनिवार्य रूप से 10 अगस्त तक उपलब्धियों की टीप के साथ प्रस्तुत करें। प्रस्तावों के परीक्षण एवं अंतिम चयन के लिए समिति का गठन भी किया गया है। इसके अलावा समारोह में पुरस्कार वितरण, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, आमंत्रण-पत्रों का मुद्रण एवं वितरण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों का सम्मान के साथ ही सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं। बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की प्रत्येक व्यवस्था समयसीमा में पूर्ण की जाए तथा 13 अगस्त को होने वाले अंतिम पूर्वाभ्यास एवं 15 अगस्त के मुख्य समारोह में सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, जिससे राष्ट्रीय पर्व का पूरी गरिमा के साथ हर्षोल्लास एवं देश भक्ति पूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बीएस सोलंकी, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, एसडीएम श्रीमती देव कुवंर सोलंकी एवं सभी डिप्टी कलेक्टर्स तथा जिला अधिकारी उपस्थित थे। |