जावरा। चेहल्लुम पर्व के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध हुसैन टेकरी दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक एम्बुलेंस का विधिवत लोकार्पण विधायक राजेंद्र पांडे एवं मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनावर पटेल के करकमलों से किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, दरगाह कमेटी के पदाधिकारी तथा श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम में रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एसडीएम, सीएसपी तथा अपर कलेक्टर सुनील जी सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने एम्बुलेंस का निरीक्षण कर इसे जनसेवा के लिए समर्पित किया।
वक्ताओं ने कहा कि हुसैन टेकरी पर वर्षभर देश-विदेश से लाखों जायरीन और श्रद्धालु पहुंचते हैं। विशेष रूप से चेहल्लुम और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रहती है। ऐसे में किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह एम्बुलेंस अत्यंत उपयोगी साबित होगी। इससे मरीजों और जरूरतमंदों को समय पर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में काफी सहायता मिलेगी।
विधायक राजेंद्र पांडे ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर व्यवस्थाएं प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। वहीं वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सनावर पटेल ने कहा कि वक्फ बोर्ड लगातार धार्मिक स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर रहा है और भविष्य में भी जनहित के ऐसे कार्य जारी रहेंगे।
लोकार्पण के बाद एम्बुलेंस को विधिवत जनसेवा के लिए समर्पित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे हुसैन टेकरी आने वाले लाखों जायरीन के लिए बड़ी सौगात बताया। चेहल्लुम पर्व के अवसर पर यह पहल धार्मिक आस्था के साथ-साथ मानव सेवा के प्रति प्रशासन और वक्फ बोर्ड की प्रतिबद्धता का भी महत्वपूर्ण संदेश बनकर सामने आई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत