जावरा/रतलाम। बड़ावदा थाना क्षेत्र के सिंदूरकिया गांव निवासी साहिल शाह पिता शहजाद शाह की निर्मम हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजन और समाजजन मंगलवार को साहिल शाह के पार्थिव शरीर के साथ SDOP कार्यालय जावरा पहुंचे और कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
धरने के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन और ग्रामीण मौजूद रहे। बाद में आक्रोशित लोगों ने महू-नीमच हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जावरा SDOP, CSP, जावरा थाना प्रभारी, IA थाना प्रभारी, बड़ावदा थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और परिजनों से विस्तृत चर्चा की तथा हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। प्रशासन की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने हाईवे से जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद परिजन, समाजजन और ग्रामीण पार्थिव शरीर को लेकर अपने गांव पहुंचे, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार साहिल शाह को सुपुर्द-ए-खाक (दफन) किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वहीं मृतक के परिजनों ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की नजर बनी हुई है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन लोगों में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भारी नाराजगी और न्याय की मांग लगातार बनी हुई है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत