रतलाम /बाजना। सावन माह के अंतिम क्रम में धार्मिक नगरी बाजना में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सावन के पावन अवसर पर बाबा महाकाल की भव्य शाही सवारी धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शाही सवारी के दौरान पूरा नगर बाबा महाकाल की जय बम-बम महादेव और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल की सवारी में शामिल हुए और भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
शाही सवारी का शुभारंभ वागेश्वर महादेव मंदिर से हुआ। ढोल-बैंड और धार्मिक धुनों के बीच बाबा महाकाल की सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। सवारी मुख्य मार्ग, कर्नाटक चौराहा, सदर बाजार, अंबे चौक, बस स्टैंड, राजपूत मोहल्ला और जैन मंदिर होते हुए पुनः बाबा महाकाल मंदिर वागेश्वर महादेव पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा सवारी का स्वागत किया।
शाही सवारी में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोल-बैंड की गूंज और महादेव के जयकारों से पूरे बाजना का वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति में झूमते हुए बाबा महाकाल के जयकारे लगाते नजर आए।
शाही सवारी के मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान से महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा महाकाल से सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया, जिसका लोगों ने श्रद्धापूर्वक लाभ उठाया।
सावन के पावन अवसर पर निकली बाबा महाकाल की शाही सवारी ने बाजना में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकजुटता की अनूठी मिसाल पेश की। श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी से पूरा नगर मानो शिवभक्ति में डूब गया। शाही सवारी के सफल आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।