रतलाम। बजरंग दल के संगठनात्मक विस्तार, हिन्दू समाज की व्यापक सहभागिता और आगामी कार्यक्रमों की प्रभावी तैयारियों को लेकर शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को रतलाम के नारायणी पैलेस में बजरंग दल रतलाम विभाग के तीनों जिलों की महत्वपूर्ण विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, हितचिंतक अभियान और शौर्य दिवस के उपलक्ष्य में प्रस्तावित शौर्य संचलन को लेकर विस्तार से चर्चा कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
बैठक का शुभारंभ श्रीराम दरबार एवं भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित बजरंग दल मालवा प्रांत संयोजक नितिन पाटीदार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का आह्वान किया।
बैठक में विशेष रूप से हितचिंतक अभियान को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक हिन्दू घर तक पहुंचकर हिन्दू समाज के लोगों को संगठन का हितचिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। कार्यकर्ताओं को अभियान को केवल औपचारिक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए जनसंपर्क, सामाजिक सहभागिता और संगठन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनाने पर जोर दिया गया।
वहीं आगामी शौर्य दिवस के कार्यक्रमों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। प्रांत संयोजक ने विभाग के प्रत्येक प्रखंड केंद्र पर शौर्य संचलन आयोजित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। इसके माध्यम से अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मंच पर बजरंग दल मालवा प्रांत संयोजक नितिन पाटीदार, विश्व हिन्दू परिषद रतलाम विभाग मंत्री श्री पवन बंजारा एवं बजरंग दल रतलाम विभाग संयोजक श्री राजाराम ओहरी उपस्थित रहे। वहीं विभाग सहसंयोजक राहुल सोनी, नरेन्द्र (बंटी) शर्मा, रतलाम जिला संयोजक श्री योगेंद्र (मुन्नू) कुशवाह सहित रतलाम विभाग के तीनों जिलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और आगामी अभियानों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सफल बनाने पर विशेष बल दिया गया। बैठक के माध्यम से संगठन ने आगामी दिनों में जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में अपनी तैयारियों को आगे बढ़ाया।
उक्त जानकारी विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल जिला सह प्रचार-प्रसार प्रमुख रिक्की सेन द्वारा दी गई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत