रतलाम। जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा ने फसलोत्सव, धन्वंतरी उत्सव एवं दीपोत्सव के पावन अवसर पर क्षेत्र के समस्त नागरिकों, समाजजनों, व्यापारी बंधुओं और युवाओं को अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने त्योहारों की खुशियों के बीच सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे, शांति और जिम्मेदारी का संदेश देते हुए क्षेत्रवासियों से विशेष अपील की है कि उत्सव का आनंद इस तरह मनाएं कि किसी भी व्यक्ति, व्यापारी या प्रशासन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
केशू निनामा ने कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र के विभिन्न हाट-बाजारों में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग खरीदारी एवं व्यापार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सभी समाज वर्गों के लोग शांति, संयम और मानवीय समझदारी का परिचय दें। खरीदारी और व्यापार के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद, अनावश्यक तनाव या ऐसी परिस्थिति उत्पन्न न करें, जिससे आमजन, व्यापारी वर्ग और स्थानीय प्रशासन को परेशानी उठानी पड़े। त्योहारों की असली खुशी तभी है, जब हर व्यक्ति सुरक्षित और प्रसन्न रहकर उत्सव में सहभागी बने।
उन्होंने विशेष रूप से युवा साथियों से अपील करते हुए कहा कि युवा हमारे समाज की ताकत और भविष्य हैं। इसलिए जहां तक संभव हो नशे से पूरी तरह दूर रहें। यदि किसी परिस्थिति में नशा कर लिया है तो वाहन चलाने से बचें और जहां हैं वहीं रुककर आराम करें। अपनी तथा दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालकर वाहन न चलाएं। सभी युवा अपने वाहनों को धीमी गति और सावधानी से चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में किसी परिवार की खुशियां मातम में न बदलें।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने कहा कि आमजन, युवा वर्ग, हाट-बाजारों के व्यापारी, जनप्रतिनिधि, तड़वी-पटेल, कर्मचारी-अधिकारी और स्थानीय प्रशासन सभी एक-दूसरे के पूरक हैं। क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आपसी सहयोग और समझदारी से ही एक बेहतर एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
अंत में केशू निनामा ने पुनः समस्त क्षेत्रवासियों को सामूहिक भाईचारे, सामाजिक एकता और जीव-जगत के कल्याण से जुड़े फसलोत्सव एवं दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से प्रेम, सद्भाव और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत