रतलाम / पिपलोदा । जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना पिपलौदा पुलिस ने नशे के कारोबार पर दोहरा प्रहार करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 110 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। जब्त मश्रुके की कुल कीमत 11 लाख 76 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में सैलाना की एकलव्य कॉलोनी निवासी दो युवकों की गिरफ्तारी भी हुई है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिपलौदा निरीक्षक रणजीत सिंगार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
पहली कार्रवाई में 54 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद
पुलिस के अनुसार 5 और 6 नवंबर की दरमियानी रात चौकी प्रभारी सुखेड़ा उपनिरीक्षक राजू मखोड़ को मुखबिर से सूचना मिली कि सुखेड़ा निवासी महेश उर्फ सनी सिंघानिया मोटरसाइकिल से जावरा की तरफ से अवैध मादक पदार्थ लेकर सुखेड़ा आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पंचेवा के मगरे पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 54 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर अपराध क्रमांक 426/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।
इसी रात दूसरी कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक दीपक दीक्षित को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देवगढ़ फंटा, ग्राम आंबा पर दबिश दी। यहां दो आरोपियों मनीष मईडा और कुनाल खराड़ी को पकड़कर उनके कब्जे से 56 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की। दोनों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 427/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
ये तीन आरोपी पहुंचे पुलिस गिरफ्त में
महेश उर्फ सनी पिता रामस्वरूप सिंघानिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी लोधा मोहल्ला, ग्राम सुखेड़ा।
मनीष मईडा पिता ओमप्रकाश मईडा, उम्र 27 वर्ष, निवासी एकलव्य कॉलोनी, सैलाना।
कुनाल खराड़ी पिता वीरसिंह खराड़ी, उम्र 24 वर्ष, निवासी एकलव्य कॉलोनी, थाना सैलाना, जिला रतलाम।
सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब एमडी ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस की पूछताछ और विवेचना में नशे के कारोबार से जुड़े अन्य अहम खुलासे होने की संभावना है।
दो अलग-अलग स्थानों पर एक ही रात में की गई इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि रतलाम पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सक्रिय है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत