|
नीमच : कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार अलसुबह आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न गांवों में दबिश देकर अवैध मदिरा निर्माण के ठिकानों पर कार्रवाई की। आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त नीमच पूर्व के ग्राम किशनपुरिया, कानाखेड़ा, जैतपुरा एवं पालसोड़ा तथा वृत्त नीमच पश्चिम के ग्राम अरनिया बोराना में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जंगल, झाड़ियों, नदी-नालों एवं तालाब किनारे अवैध मदिरा निर्माण के संदिग्ध स्थलों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान निम्न सामग्री जब्त की गई– · अवैध मदिरा निर्माण में उपयोग की जा रही 6 चालू भट्ठियां। · महुआ के अवैध आसवन से तैयार 18 लीटर हाथ भट्ठी मदिरा। · जंगल एवं जमीन में छिपाकर रखा गया 475 किलोग्राम महुआ लाहन। आबकारी विभाग द्वारा जब्त मदिरा एवं मदिरा निर्माण सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 52 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 4 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं। जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. दांगी ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उक्त कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. दांगी के निर्देशन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. सिंगाड़ा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्री संजय कुमार कवारे, श्री पंकज राठौड़, श्री दीपक आंजना, आबकारी मुख्य आरक्षक श्री गोपाल शर्मा तथा आबकारी आरक्षक श्री विष्णु यादव, श्री विलास डगिया, श्री महेश गेहलोत एवं सुश्री मधुमिता मालवीय शामिल रहे। |