|
त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा कर शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के दिए निर्देश कमजोर परीक्षा परिणाम वाली शालाओं के प्राचार्यों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश नीमच । कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के समस्त हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने कमजोर परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों के प्राचार्यों को शोकाज नोटिस जारी करने तथा परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने बैठक में निम्नलिखित निर्देश दिए – - परीक्षा परिणाम में सुधार: कक्षा 10वीं एवं 12वीं के त्रैमासिक परीक्षा परिणामों का विद्यालयवार विश्लेषण कर कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर सुधारने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। - कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान: कमजोर विषयों एवं कमजोर परीक्षा परिणाम वाले विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनकी शैक्षणिक कठिनाइयों को दूर करने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं एवं विशेष मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। - विषयवार परिणामों का विश्लेषण: जिन विषयों में परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कम रहा है, उनका जिला स्तर पर विस्तृत विश्लेषण कर कमियों के कारणों की पहचान की जाए तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। - मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रयास: प्रतिभाशाली एवं मेधावी विद्यार्थियों को चिन्हित कर उन्हें बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान दिलाने के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं नियमित अभ्यास कराया जाए। - शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें: बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित रहने वाले तथा ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। - अपार आईडी एवं छात्रवृत्ति कार्य: विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने तथा छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। - विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग: समस्त संकुल प्राचार्य अपने संकुल अंतर्गत संचालित प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों की भी नियमित मॉनिटरिंग करें तथा वहां शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री चंद्रा ने निर्देश दिए कि सभी प्राचार्य परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं जिले के समस्त हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे। |