|
3 दिसंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में लगेगा स्वास्थ्य शिविर, विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिव्यांगजन दिखाएंगे प्रतिभा नीमच । विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर 3 दिसंबर 2026 को नीमच जिले में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र नीमच द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच में प्रातः 11 बजे से होगा। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा, क्षमता एवं सामर्थ्य को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन विश्व दिव्यांग दिवस पर 100 मीटर एवं 50 मीटर दौड़, जलेबी रेस, शॉट पुट, चेयर रेस, कैरम, चित्रकला, नृत्य एवं संगीत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। दौड़ प्रतियोगिताएं अस्थि बाधित, श्रवण बाधित, दृष्टि बाधित एवं बौद्धिक दिव्यांगता की चार श्रेणियों में 6 से 14 वर्ष तथा 14 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए आयोजित होंगी। इनमें बालक एवं बालिकाओं की प्रतियोगिताएं अलग-अलग होंगी। जलेबी रेस एवं चेयर रेस में सभी प्रकार की दिव्यांगता वाले प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। शॉट पुट प्रतियोगिता 15 वर्ष से अधिक आयु के बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग होगी, जबकि कैरम प्रतियोगिता 19 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए आयोजित की जाएगी। चित्रकला, नृत्य एवं संगीत प्रतियोगिताएं भी दिव्यांगता की चार श्रेणियों में आयोजित होंगी। इनमें बालक एवं बालिकाएं एक साथ सहभागिता करेंगे। संस्थाओं से अधिकाधिक सहभागिता की अपील जिले की समस्त सामाजिक सेवा संस्थाओं, दिव्यांग छात्रावासों एवं विद्यालयों से अपील की गई है कि वे अपने यहां अध्ययनरत एवं निवासरत दिव्यांग बालक-बालिकाओं को प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। सभी संस्थाओं को प्रतिभागियों की सूची साथ लाना अनिवार्य होगा। सूची में प्रत्येक प्रतिभागी का नाम, आयु, दिव्यांगता की श्रेणी एवं जिस प्रतियोगिता में वह भाग लेना चाहता है, उसका स्पष्ट उल्लेख करना होगा। प्रतिभागियों का पंजीयन कार्यक्रम स्थल पर ही किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थाओं एवं प्रतिभागियों से निर्धारित समय पर सूची सहित कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। |