रतलाम। सेवा और संवेदनशीलता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए समाजसेवी एल.के. मेहता परिवार ने केसरी नंदन सेवा न्यास एवं काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सेवा कार्यों से प्रेरणा लेकर जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच हॉस्पिटल में भर्ती माताओं और नवजात शिशुओं की सुविधा के लिए 6 नए पंखे भेंट किए। गरिमामय कार्यक्रम में यह पंखे सिविल सर्जन डॉ. अखंड प्रताप सिंह को सौंपे गए। इस सराहनीय पहल से अस्पताल में उपचाररत मरीजों को भीषण गर्मी के दौरान बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला रोगी कल्याण समिति के सदस्य गोविंद काकानी ने बताया कि विगत दिनों भीषण गर्मी के दौरान एमसीएच हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों को पर्याप्त पंखों के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या पर समाजसेवी निर्मल कटारिया से चर्चा की गई। उन्होंने तुरंत सकारात्मक पहल करते हुए एल.के. मेहता परिवार से संपर्क किया और जनसेवा के इस कार्य में सहयोग का आग्रह किया। मेहता परिवार ने बिना विलंब किए अस्पताल के लिए छह पंखे उपलब्ध कराकर सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी परिचय दिया।
समाजसेवी निर्मल कटारिया ने अस्पताल का निरीक्षण कर उन स्थानों का चयन किया जहां पंखों की सबसे अधिक आवश्यकता थी तथा सिविल सर्जन से इन्हें वहीं स्थापित कराने का अनुरोध किया ताकि भर्ती माताओं और नवजात शिशुओं को अधिकतम लाभ मिल सके।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अखंड प्रताप सिंह ने एल.के. मेहता परिवार, समाजसेवी निर्मल कटारिया तथा जिला रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने अन्य समाजसेवियों और संस्थाओं से भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.सी. डामोर सहित एमसीएच एवं बाल चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल से सेवानिवृत्त हो रही उमा गहलोत को भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की सभी ने मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
यह आयोजन सामाजिक सहयोग, मानवीय संवेदनाओं और जनसेवा की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।
रिपोर्टर जीतेन्द्र कुमावत