रतलाम / सैलाना। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड सैलाना जिला रतलाम द्वारा 19 मार्च से 30 जून तक संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान का भव्य समापन मंगलवार को गोविन्द कुण्ड बावड़ी पर आयोजित बावड़ी उत्सव के रूप में हुआ। पूरे आयोजन में जल संरक्षण संस्कृति और जनभागीदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला। माँ गंगा के पूजन दीप प्रज्ज्वलन दीपदान एवं आरती के साथ शुरू हुए इस प्रेरणादायी कार्यक्रम ने जल बचाने का सशक्त संदेश दिया और उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
तीन चरणों में चले इस व्यापक अभियान के दौरान विकासखंड सैलाना की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में श्रमदान कर बावड़ियों कुओं तालाबों एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों की साफ-सफाई की गई। जल स्रोतों के संरक्षण वर्षा जल संचयन वृक्षारोपण जनजागरूकता रैलियों संगोष्ठियों एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जल के महत्व से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया गया। अभियान ने समाज में जल संरक्षण के प्रति नई चेतना का संचार किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सैलाना अध्यक्ष श्री मती कैलाशी रामचन्द्र चारेल उपस्थित रही । उनके साथ एल्डरमैन नाथुलाल राठौड़ श्रीमती प्रेमलता माहेश्वरी जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ब्लॉक समन्वयक रतनलाल चरपोटा सामाजिक कार्यकर्ता मांगीलाल खराड़ी सहित जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि आज जल स्रोतों को सुरक्षित नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों के सामने गंभीर जल संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
ब्लॉक समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने कहा कि बावड़ी उत्सव अभियान का समापन नहीं बल्कि जल संरक्षण की निरंतर चलने वाली यात्रा की शुरुआत है। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करना चाहिए तभी इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।
बावड़ी उत्सव के दौरान मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों ने गोविन्द कुण्ड बावड़ी में दीपदान कर माँ गंगा की आरती उतारी। दीपों की मनमोहक रोशनी और श्रद्धा से सराबोर वातावरण ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया। उपस्थित सभी लोगों ने जल को जीवन का आधार मानते हुए जल स्रोतों की स्वच्छता संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सतत कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अभियान के तीनों चरणों में किए गए कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विश्व कल्याण सेवा समिति सरवन के अध्यक्ष विक्रम कुमार शर्मा सतीश टांक रतलाम परामर्शदाता दिनेश कुमार गेहलोद पवन पारगी अमृत परिहार नवनीत कुमावत खुशी मईड़ा नगर विकास प्रस्फुटन समिति सैलाना तथा ग्राम पंचायत भीलो की खेड़ी (इंद्रा नगर) के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन विक्रम कुमार शर्मा ने किया जबकि अंत में ब्लॉक समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने सभी अतिथियों प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। प्रसाद वितरण के साथ बावड़ी उत्सव का सफल समापन हुआ लेकिन जल संरक्षण का संदेश प्रत्येक सहभागी अपने साथ लेकर लौटा।
यह आयोजन न केवल जल बचाने का संकल्प था बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण भी बन गया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत