|
|
नलखेड़ा। स्थानीय सरदार वल्लभभाई पटेल शासकीय महाविद्यालय, नलखेड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति एवं युवा कौशल मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. जी. एल. रावल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. सुखदेव बैरागी ने विद्यार्थियों को युवा कौशल के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति पूर्ण एकाग्रता, अनुशासन और निरंतर प्रयास से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कौशल का विकास करने के लिए प्रेरित किया। भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रो. संतोष कुमार कुमावत ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ, जागरूक व जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. जी. एल. रावल ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करता है। नशे के कारण परिवार बिखरते हैं और समाज का मानव संसाधन गलत दिशा में चला जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जगदीश प्रसाद कुल्मी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। अंत में आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. आरती नगर ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. आशीष सांखला, डॉ. सीमा तारे, महेश कुमार गोयल, अलमीना कुरैशी, महेंद्र सिंह गुजराती, अनिल प्रजापति सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। |