रतलाम / बाजना। श्रावण मास के पावन अवसर पर बाजना नगर रविवार को आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति के रंग में रंग गया, जब पूज्य साध्वी सौम्या यशा श्रीजी महाराज सा., साध्वी अर्पिता श्रीजी महाराज सा. सहित आदि ठाणा-5 का भव्य मंगल प्रवेश नगर में हुआ। श्रद्धालुओं की विशाल उपस्थिति, जयघोष, गवली-श्रीफल वंदन और मंगल तोरणों से पूरे नगर का वातावरण धर्ममय हो उठा।
मंगल प्रवेश यात्रा का शुभारंभ ऋषभ मुणत के फार्म हाउस से हुआ।
इसके बाद चल समारोह कुशलगढ़ मार्ग, कर्नाटक चौराहा, सदर बाजार, अंबामाता मंदिर, बस स्टैंड, राजपूत मोहल्ला होते हुए भव्य रूप से श्री जैन मंदिर पहुंचा। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने साध्वी मंडल का गवली एवं श्रीफल अर्पित कर श्रद्धाभाव से वंदन किया।
ग्राम पंचायत बाजना एवं जनपद पंचायत बाजना द्वारा विशेष मंगल तोरण बनाकर पूज्य गुरुजनों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कैलाश मुनिया, सांसद प्रतिनिधि सतीश नाहर, सरपंच रामजी नीनामा, जनपद मंडल अध्यक्ष नरेंद्र वसूनिया, जनजाति जिला अध्यक्ष गोविंद डामर, उपसरपंच रौनक लुणावत तथा लक्ष्मीचंद जैन ने गुरुजनों का अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके पश्चात सौम्य आराधना भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूज्य साध्वी श्री ने महामांगलिक श्रवण कराते हुए कहा कि चातुर्मास आत्मशुद्धि, तप, साधना, जीनवाणी श्रवण और धर्म आराधना का श्रेष्ठ अवसर है। प्रत्येक व्यक्ति को इस पावन काल में संयम, सेवा और साधना के माध्यम से अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए।
मंगल प्रवेश के अवसर पर नवकारसी का लाभ ऋषभ, यश एवं मुणत परिवार ने प्राप्त किया। चल समारोह का लाभ संदीप पारस नाहर ने लिया, जबकि स्वामीवात्सल्य का लाभ श्री संघ द्वारा किया गया। बाहर से पधारे सभी अतिथियों का सम्मान भी समारोह में किया गया।
इस दौरान गुरुजी को कांबली ओढ़ाने का लाभ विनोद कुमार पारस पालरेचा ने लिया तथा चातुर्मास बहुमान का लाभ संदीप चंद्रकांत नाहर द्वारा प्राप्त किया गया।
श्री संघ अध्यक्ष संदीप नाहर ने बताया कि इस ऐतिहासिक मंगल प्रवेश में झारड़ा, सैलाना, शिवगढ़, प्रतापगढ़, नारायणगढ़, उज्जैन, महीदपुर सहित अनेक स्थानों से बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं बाजना पहुंचे। समारोह में प्रकाश चोरड़िया, अंशुल पालरेचा, दीपक कोठारी, मयूर कोठारी, विनोद पालरेचा, ऋषभ मुणत, मनोज नाहर, दीपक पालरेचा, प्रणय, तुषार पालरेचा, अशोक पालरेचा, संजय पालरेचा, राजेन्द्र पालरेचा, विमल कोठारी, विकास चोरड़िया, मनीष जी, सुशील जी, अर्पण जी, विकास पालरेचा, शुभम पालरेचा, कपिल पालरेचा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रावण मास में निकले इस भव्य मंगल प्रवेश ने बाजना नगर को धर्म, श्रद्धा और भक्ति के अनुपम रंगों से सराबोर कर दिया। पूरे नगर में "नवकार मंत्र" और गुरु वंदना के जयघोष गूंजते रहे तथा श्रद्धालुओं ने इसे वर्षों तक याद रहने वाला ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन बताया।
रिपोर्ट : ईश्वर टाक
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत