रतलाम /बाजना। राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत वातावरण में सैलाना क्षेत्र के बाजना अंतर्गत ग्राम राजापुरा माताजी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में भव्य वंदे मातरम् गान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर करीब 350 बच्चों के साथ ग्रामीण वासियों ने एक साथ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गान कर पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के भाव से गुंजायमान कर दिया। सामूहिक गान के दौरान उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और मातृभूमि के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा। सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान करते हुए सभी ने देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वनवासी कल्याण परिषद के वाल्मीकि आश्रम के सचिव हरिश सिलावट उपस्थित रहे। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में राजापुरा माताजी संकुल के प्राचार्य सोमेन्द्र सिंह ने सहभागिता की। अतिथियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों के बीच राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रसारित किया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र चरपोटा ने किया। इस दौरान विद्यालय के आचार्य परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। स्वागत करने वालों में कलावती डोडीयार, फुलवती डामोर एवं कविता मईडा सहित आचार्य दीदियां शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती बबीता डोडीयार ने अमृत वचन प्रस्तुत किए। उनके माध्यम से उपस्थित लोगों को प्रेरणादायी विचारों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के संयोजक कनिष्क कुमावत ने सभी अतिथियों, आचार्य परिवार एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।
350 लोगों की सामूहिक सहभागिता ने इस आयोजन को राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने वाला यादगार कार्यक्रम बना दिया।
रिपोर्ट ईश्वर टांक ( बाजना )